मध्य प्रदेश के सागर में बैंक की कतार में खड़े एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना यहां स्थित यूनियन बैंक की मकरोनिया ब्रांच की है, जो कि अवंतीबाई मार्केट के फर्स्ट फ्लोर पर है। इसकी संकरी सीढ़ियों से नीचे तक लंबी कतार लगी हुई थी। करीब एक घंटे से लाइन में खड़े 70 वर्षीय विनोद कुमार पांडेय अचानक गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी। परिजनों का आरोप है कि बैंक के इंतजाम खराब थे। वहीं उनके साथ कतार में लगे लोग भी मदद करने बाहर नहीं निकले।
मकरोनिया थाने के प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया, 'सेवानिवृत्त कर्मचारी विनोद पांडे यूनियन बैंक की कतार में लगे थे, तभी उन्हें चक्कर आ गया। वह जमीन पर गिर पड़े, उन्हें तुरंत पुलिस की सूचना पर 108 वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि पांडे के परिजन उनकी मौत पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
मंगलवार की आधी रात से 500और 1,000 रुपये के नोट बदलने के लिए यूं तो 50 दिनों का समय दिया गया है, लेकिन जरूरतमंद लोग अपना काम-धंधा छोड़कर सुबह से पूरे दिन बैंक के आगे कतार में खड़े रहने को विवश हैं। बीते तीन दिनों से बैंकों और डाकघरों में नोट बदलवाने, निकालने के लिए भारी भीड़ लग रही है।