मध्यप्रदेश पुलिस ने आखिरकार खुद को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भतीजा बताकर भाजपा विधायक को चूना लगाने वाले युवक को धर दबोचा। युवक अमित शाह के नाम पर कई लोगों के साथ ठगी कर चुका था।
मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक के अलावा राजस्थान में भी वह एक भाजपा विधायक को इसी तरह चूना लगा चुका था। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि प्रेमिका के ठुकराने के बाद वह अपराध की दुनिया में उतर गया और लोगों के साथ ठगी शुरू कर दी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार आरोपी युवक का असली नाम गांधीनगर निवासी यश अमीन है। वह विराज शाह के नाम से लोगों को ठगा करता था। कुछ दिन पूर्व ही उसने उज्जैन के भाजपा विधायक डा. मोहन यादव को 65 हजार रुपये का चूना लगा दिया था।
शाह का भतीजा बनकर भाजपा विधायकों से करता था ठगी
युवक ने खुद को अमित शाह का भतीजा बताते हुए कहा कि ट्रेन में उसका सारा सामान चोरी हो गया है। इस पर विधायक ने अपने सहयोगी नरेश शर्मा को भेजकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई और अमित शाह को अपने पास बुलवा लिया।
इसके बाद उसे नया मोबाइल दिलाते काफी शॉपिंग भी करवाई। विधायक ने युवक को जेब खर्चे के लिए 20 हजार रुपये नकद भी दिए। हालांकि जीआरपी ने उसकी चोरी की रिपोर्ट पर जांच शुरू की तो सारे मामले का खुलासा हो गया।
जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि युवक इससे पूर्व राजस्थान में भी भाजपा विधायक को इसी अंदाज में चूना लगा चुका था। उसके खिलाफ राजस्थान, केरल और महाराष्ट्र ठगी के ऐसे ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
प्रेमिका के ठुकराने पर शुरू की हेराफेरी, घरवालों ने किया बेदखल
- फोटो : times of india
पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि वह गांधीनगर का रहने वाला है। पुलिस उसके घर पहुंची तो घरवालों ने कह दिया कि उसके चाल चलन को देखते हुए वह साल 2012 में उसे बेदखल कर चुके हैं।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह इंदौर से एक बस में सवार हुआ है। पुलिस ने बस का पीछा किया और पेटलावद के निकट आकर उसे दबोच लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह एक लड़की से प्यार करता था लेकिन उसने उसे ठुकराकर दूसरे लड़के से शादी कर ली जिसके सरनेम 'शाह' था।
इसके बाद उसने इसी नाम से लोगों से ठगी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी यश अमीन मुंबई में भी ठगी के एक मामले में पकड़ा जा चुका है जहां उसे आठ माह की जेल हुई थी। इसके अलावा केरल के तिरुअनंतपुरम, गुजरात की भुज कोतवाली में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इंदौर पुलिस ने उसे पकड़कर कोर्ट के सामने पेश किया तो उसे 12 अगस्त तक के लिए जेल भेज दिया गया।