कटनी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक ओर सड़क हादसे में घायल मरीज जिंदगी और मौत से जूझ रहा था, वहीं दूसरी ओर 108 एंबुलेंस का कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी भूलता नजर आया। आरोप है कि कर्मचारी ने मरीज के परिजनों से पैसे लिए और गाड़ी गंदी होने पर उनसे ही एंबुलेंस साफ करवाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने 108 एंबुलेंस ड्राइवर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जानकारी के मुताबिक, कटनी जिले के ग्राम करेला के पास हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय राहुल बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया। इसी दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद 108 एंबुलेंस कर्मचारी, जिसका नाम मोहित बताया जा रहा है, ने कथित तौर पर परिजनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पढे़ं: शादी की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार पिकअप ने बरात से लौट रही ऑटो को मारी टक्कर, 9 लोग हुए बुरी तरह घायल
वायरल वीडियो में एक महिला परिजन एंबुलेंस धोती नजर आ रही है, जबकि कर्मचारी पास खड़ा होकर देख रहा है। घायल की पत्नी प्रमिला बर्मन ने भी आरोप लगाया कि कर्मचारी के कहने पर ही वह गाड़ी साफ कर रही थीं। यह घटना न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता को उजागर करती है, बल्कि 108 जैसी जीवनरक्षक सेवा पर भी सवाल खड़े करती है।
क्या बोले जिला अस्पताल के सिविल सर्जन?
मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब इलाज के साथ परिजनों को ऐसी जिम्मेदारियां भी निभानी होंगी? क्या आपातकालीन सेवाएं आम लोगों के लिए बोझ बनती जा रही हैं? इधर, कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। 108 प्रभारी और एंबुलेंस ड्राइवर को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।