गणेश पंडाल में आरती और दर्शन के लिए घर से निकली 19 वर्षीय युवती का तीन दिन बाद शव गांव के ही एक निजी कुएं में मिलने से सुड़ी बड़ी गांव में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह कुएं में शव तैरता दिखाई देने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही बोरी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। शव की पहचान अनीता डावर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अनीता डावर, पिता मेहरसिंह डावर, निवासी ग्राम सुड़ी बड़ी, तीन दिन पहले गांव में आयोजित गणेश उत्सव के दौरान पंडाल में आरती और दर्शन के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन अनीता का कोई सुराग नहीं मिला। तीन दिन तक तलाश के बाद गुरुवार सुबह उस समय पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक निजी कुएं में शव तैरता देखा। खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अनीता के रूप में की।
ये भी पढ़ें-
दाल ने बिगाड़ा रसोई का बजट: एक हफ्ते में तुवर 10 रुपए महंगी, चना-मूंग-उड़द-मसूर के भाव भी बढ़े, और बढ़ेगा दाम
शव मिलने के बाद उठे कई सवाल
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने अनीता की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि परिस्थितियां संदिग्ध हैं और इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए। परिजनों ने आशंका जताई कि युवती की हत्या के बाद शव कुएं में फेंका गया हो सकता है। हालांकि इस आशंका की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब अनीता के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों, उसके संपर्क में रहे लोगों और शव कुएं तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।फिलहाल मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।