देशभर में एक बार फिर से कोरोना वायरस का संक्रमण तैजी से फैल रहा है। महाराष्ट्र में भी कोरोना वायरस नियंत्रण में आने के बाद एक बार फिर से बेकाबू होता जा रहा है। महाराष्ट्र में पिछले 48 घंटे में कोरोना के 16,620 नए मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश में भी कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने फैसला लिया है कि अब महाराष्ट्र से इंदौर आने वाले हवाई यात्रियों को हवाई अड्डे पर ही कोरोना संक्रमण से मुक्त जांच रिपोर्ट दिखाना होगा, तभी उन्हें एयरपोर्ट परिसर से बाहर जाने की अनुमति मिल सकेगी। मध्यप्रदेश प्रशासन ने इस नियम को कानूनन अनिवार्य कर दिया है।
दरअसल, इंदौर में जिलाधिकारी मनीष सिंह ने यह आदेश जारी किया है। उनके आदेश के अनुसार, 'हवाई यात्रा करके महाराष्ट्र से इंदौर पहुंचने वाले सभी यात्रियों को अपने साथ आरटी-पीसीआर पद्धति की यह जांच रिपोर्ट रखना कानूनन अनिवार्य होगा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हैं। यह रिपोर्ट यात्रा से 48 घंटे पहले की अवधि की होनी अनिवार्य है।’