कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि छह महीने नर्मदा परिक्रमा करने के बाद अब वह प्रदेश यात्रा पर निकलेंगे। इसके लिए वह पीसीसी और आईसीसी की मंजूरी लेंगे।
इस दौरान वह कांग्रेस नेताओं को एकजुट करेंगे जिसका मकसद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ किसानों से लेकर हर वर्ग में आक्रोश है इसलिए वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब से उनकी नर्मदा यात्रा पूरी हुई है तब से हर कोई एक ही सवाल कर रहा है कि वह आगे क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने पूरी जिंदगी राजनीति की है। अब भी वही करूंगा और पूरे दमखम से करूंगा, पकौड़े नहीं तलूंगा। कांग्रेस नेता ने साफ तौर पर कहा कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं होंगे और नए सीएम का चेहरा भी आलाकमान ही तय करेगा।
प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा कि सरकार ने नर्मदा किनारे 6.25 करोड़ पौधे लगाने का दावा किया था, लेकिन वह नर्मदा परिक्रमा के दौरान 1800 किलोमीटर तक घूमे जिसमें उन्हें केवल तीन जिंदा पौधे ही दिखे। उन्होंने कहा कि जब वह यात्रा से वापस लौट रहे थे तब बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाने लगे। जिसमें करीब 60 हजार से एक लाख के बीच में पौधे लगे होंगे।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के काम में खुदाई से लेकर पौधे खरीदने तक भ्रष्टाचार होता है। यह पैसा खाने वाला काम है। इस दौरान उन्होंने सीएम शिवराज के संतो को राज्यमंत्री बनाए जाने पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पौधे गिनने की बात करते हैं सरकार उन्हें ही राज्यमंत्री का दर्जा दे देती है।