कटनी में हिरासत से भागा आरोपी गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
कटनी पुलिस की लापरवाही का उदाहरण सामने आया है, जहां उनकी कस्टडी से एक आरोपी भागने में सफल रहा। आरोपी पर विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश करने से पहले ही आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और कस्टडी से भाग निकला।
मामला बहोरीबंद थाना क्षेत्र का है। वहां विद्युत चोरी के प्रकरण के वारंटी भूरा आदिवासी को पुलिस ने शुक्रवार रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान पकड़ा ता। इसके बाद बहोरीबंद पुलिस ने न्यायालय में पेश करने से पहले उसे अस्पताल ले गए। इस दौरान आरोपी भूरा आदिवासी ने निस्तार का बहाना बनाया और पुलिस से दूरी बनते ही भाग निकला। हालांकि, ड्यूटी में तैनात आरक्षक मोहित साहू, सैनिक रविशंकर तिवारी और हरिहर दुबे ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह तीनों की पहुंच से बाहर था।
मामले की जानकारी लगते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसडीओपी अखिलेश गौर खुद थाने पहुंचे और पूछताछ शुरू की। पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया तो भूरा आदिवासी अपने बेटे के साथ ही गांव के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों पर मामला दर्ज किया और उन्हें न्यायालय में पेश किया। एसडीओपी अखिलेश गौर ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही करने वाले पुलिस आरक्षक मोहित साहू, सैनिक रविशंकर तिवारी और हरिहर दुबे के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भी लिखा है।