मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के चोटी छाएगांव मखान
क्षेत्र में एक बस और ट्रक की टक्कर में 21 लोगों की मौत हो गई जिसमें चार
महिलाएं भी शामिल थीं, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं।
खंडवा के पुलिस अधीक्षक
(एसपी) एमएस सिकरवार ने बताया कि यह घटना खंडवा-इंदौर रोड पर बस के सामने
से आ रहे ट्रक से टकराने से हुई। बस में 38 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया
कि बस खंडवा से इंदौर जा रही थी जबकि ट्रक इंदौर जा रहा था। टकराने के समय
दोनों वाहन की गति ज्यादा थी।
घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। इस घटना के तुरंत बाद सिकरवार के
साथ जिला अधीक्षक महेश अग्रवाल अस्पताल पहुंचे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिवार को डेढ़
लाख और घायलों को 50,000 रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। इस घटना की
जांच शुरू की जा चुकी है।