पत्नी के साथ मारपीट के वीडियो को लेकर निलंबित किए गए स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा के अर्दली ने उनको निर्दोष बताया है। उनके एक अर्दली का कहना है कि मैडम पहले भी कई बार साहब के साथ मारपीट कर चुकी हैं। इसके बाद भी साहब ने मैडम पर कभी हाथ नहीं उठाया।
आईपीएस अधिकारी पुरुषोत्तम और उनकी पत्नी के बीच जब मारपीट हुई थी तब बंगले में उनके अर्दली सगीर और माखन भी मौजूद थे। ये दोनों वीडियो में भी नजर आ रहे थे। सगीर के अनुसार रविवार को, जिस दिन घटना हुई, साबह दूध लेकर अपने कमरे में चले गए थे।
सगीर ने बताया कि इसके बाद पीछे से मैडम पहुंचीं और दरवाजे पर लात मारने लगीं। साहब ने दरवाजा खोलकर उनके हाथ जोड़े और कहा कि बहुत थकान हो गई है, सोने दें, परेशान न करें। लेकिन मैडम ने चिल्लाते हुए उनके कुर्ते का कॉलर पकड़ लिया और अचानक साहब को मुक्का मार दिया।
अर्दली सगीर ने बताया कि इसके बाद मैडम दौड़कर कमरे के सामने खड़ी हो गईं और इसके बाद जो हुआ वह सब जानते हैं। सगीर का कहना है कि मैडम ने पुरुषोत्तम को कैंची भी मारी थी। उसके अनुसार अगर पुरुषोत्तम अपनी पत्नी पर हाथ नहीं उठाते तो उनके साथ बड़ा हादसा हो सकता था।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, पुरुषोत्तम लाल शर्मा का एक वायरल वीडियो सामने आया था। जिसमें वह अपनी पत्नी को पीटते नजर आए थे। वीडियो में स्पेशल डीजी शर्मा पत्नी को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे थे। शर्मा ने कबूला था कि वह वीडियो में हैं और कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश के स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम लाल शर्मा को मंगलवार को राज्य के गृह विभाग ने निलंबित कर दिया था। राज्य के गृह विभाग ने बताया कि उसने पाया कि आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा द्वारा उनकी पत्नी की पिटाई के वीडियो पर दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक है।