कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौक के घाट।
- फोटो : अमर उजाला
खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपनी ही वृद्ध मां की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 80 वर्षीय रामई बाई लंबे समय से बीमार थीं और चलने-फिरने में असमर्थ थीं। उनकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उनके 55 वर्षीय बेटे विष्णु सावले पर थी। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है, जब घर में दोनों ही मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक विष्णु अपनी मां की लगातार सेवा और जिम्मेदारी से मानसिक रूप से परेशान था। इसी बीच उसने शराब के नशे में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पलंग पर लेटी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन पर कई वार होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
छतरपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पिता की मारपीट में चार साल के मासूम बेटे की मौत; जेल भेजा गया आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। उसने खून के निशान साफ करने के लिए शव पर पानी डाला और हथियार को छिपा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। पूछताछ के दौरान पहले आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मां की हालत और लगातार देखभाल के दबाव से वह टूट चुका था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मजदूरी करता है और शराब का आदी है। कुछ समय पहले उसका पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। घर में वह अपने दो बच्चों के साथ रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।