मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में एक असामान्य शारीरिक बनावट वाली बच्ची ने जन्म लिया है। सिरोंज तहसील के सांकला गांव में शुक्रवार 26 जून को जन्मी इस बच्ची के शरीर में सिर्फ सिर और धड़ है। बच्ची के शरीर में न तो एक भी हाथ है और न ही पैर। बच्ची को देखकर गांव वाले भी हैरानी में हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक ये एक बहुत दुर्लभ बीमारी है। बच्ची के शरीर में हाथ और पैर नहीं हैं, जो कि टेट्रा-एमेलिया सिंड्रोम के कारण हुआ है। सिरोंज के सरकारी अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि बच्ची के शरीर में इन अंगों की कमी के अलावा किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है और वो एक दम स्वस्थ है।
इस बच्ची की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दावा किया जा रहा है कि बच्ची की डिलीवरी घर में ही उसकी दादी ने कराई है और बच्ची का परिवार उसे अस्पताल नहीं ले जाना चाहता।
परिजनों का मानना है कि यब बच्ची भगवान की देन है। कहा जा रहा है कि ये बीमारी एक लाख नवजात में से सिर्फ किसी एक में पाई जाती है। ये एक जेनेटिक बीमारी है, जिसमें शरीर के कुछ हिस्सों का या तो निर्माण ही नहीं हो पाता या फिर वो पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाते।