ग्वालियर में एक 15 साल के लड़के की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के बाद नाबालिग का शव गांव के पास के जगंल से बरामद किया गया है। बच्चे की हत्या किसने और किस कारण से की इसका खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन जांच में ये बात सामने आई है कि जब हमलावर नाबालिग की हत्या कर रहा था, तब जंगल के पास लगे खेत में एक किसान काम कर रहा था और उसने हमलावर को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन हमलावर लड़के की हत्या करने के बाद किसान के पीछे कुल्हाड़ी लेकर दौड़ गया।
मामला ग्वालियर के सुखना खिरिया गांव का है। मृतक हरमन बघेल शनिवार को घर से बकरियां लेकर उन्हें चराने के लिए निकला था, लेकिन जब वह घर नहीं पहुंचा तो घरवाले उसे ढूंढने निकले। बकरियां चराने का काम वैसे मृतक की दादी किया करती थी, रिश्तेदारी में जाने के चलते वो शनिवार को नहीं गई। अज्ञात आरोपी ने 15 साल के बालक की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार हत्या के वक्त गांव का ही एक किसान पुरुषोत्तम कुशवाहा अपने खेतों में पानी दे रह था। उसने हमलावर को रोकने की कोशिश की तो हमलावर उसे ही कुल्हाड़ी से मारने के लिए दौड़ पड़ा, जिसके बाद उसने भागकर अपनी जान बचाई और गांव वालों को वारदात की जानकारी दी। लोग जब तक जंगल में पहुंचे तब तक आरोपी मासूम की हत्या कर वहां से भाग चुका था। नाबालिग की हत्या की खबर मिलते ही SDOP अभिनव कुमार बारंगे और थाना प्रभारी राजकुमारी परमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।
परिजनों ने पड़ोसी पर लगाया आरोप
मृतक की मां सुनीता बघेल ने पड़ोस में रहने वाले जगन्नाथ उर्फ ठकुरी बघेल पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां का कहना है कि बेटा सुबह पड़ोसी के साथ ही घर से बकरियां चराने के लिए निकला था। नाबालिग की हत्या क्यों की गई होगी फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। SDOP अभिनव कुमार बारंगे के अनुसार मृतक के परिजनों द्वारा पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर हत्या करने का आरोप लगाया है, लेकिन फिलहाल वह घर से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
हत्या के बाद गांव में तनाव
नाबालिग की हत्या से सुखना खिरिया गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया है। परिजनों ने जिस पर हत्या का आरोप लगाया है वो परिवार भी पास में ही रहता है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में रात के वक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।