मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक, इस सड़क हादसे में 4 बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मनखेड़ी पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले मंकेदी त्रि-जंक्शन के पास हुई है। यहां सीमेंट से ओवरलोड भरा ट्रक जबलपुर से भोपाल जा रहा था, तभी अचानक इसका टायर फट गया, जिससे बेकाबू होकर पटल गया।
बताया जाता है कि टायर फटने से इस ओवरलोड ट्रक ने अनियंत्रित होकर मनखेड़ी बस स्टॉप के पास खड़े हुए 4 बच्चों समेत कुल 9 लोगों को कुचला है। हादसे बाद मौके पर राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। हादसे में घायल होने वालों को नजदीक के अस्पताल में दाखिल कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर इस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि जबलपुर के बेलखेड़ा में हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायी है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
वहीं इससे पहले रविवार सुबह हुए एक अन्य हादसे में राज्य के मंदसौर जिले में धमनिया गांव के नजदीक दो मोटरसाइकिलों और एक यात्री बस के बीच हुई टक्कर में सात व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 26 अन्य घायल हो गए। जिला कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव ने बताया था कि मरने वालों में चार बस यात्री और तीन मोटरसाइकिल सवार थे।
बस भानपुरा की ओर जा रही थी। हादसा रविवार सुबह को हुआ। घायलों को शामगढ़ और मंदसौर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कलक्टर ने कहा कि पीड़ितों को तत्काल प्रभाव से 15000 रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सात मृतकों में से छह व्यक्तियों की पहचान सुशील जैन (50), विशु खातिक (4), राहुल जोशी (24), बिंदू जोशी (22), ईश्वर सिंह (20) और नंदकिशोर (48) के रूप में की गई।