मध्यप्रदेश में धर्म नगरी के नाम से विख्यात उज्जैन में एक व्यक्ति ने इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं उस अमानवीय कृत्य के बाद उसने खुद भी फांसी से लटककर खुदकुशी कर ली।
खबर के मुताबिक नीलगंगा क्षेत्र में एक किरायेदार ने मकान मालिक के आठ साल के बेटे के साथ दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। बच्चे की हत्या करने के लिए उसने गर्म पानी करने वाली लोहे की रॉड से करंट लगाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बच्चे की हत्या के बाद उसने शव को बिस्तर में लपेटकर छिपा दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक खारचौद निवासी 25 वर्षीय सुनील उनका किराएदार था। उसने बच्चे को अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
बच्चा सोमवार शाम को घर से गरबा खेल रहा था। लंबे समय तक गायब पाकर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बच्चे को खोज पाने में नाकाम घरवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार को बच्चे का शव किराएदार के कमरे से मिला। पुलिस ने आरोपी के कपड़े जब्त कर लिए और पानी गर्म करने की रॉड और आरोपी के कपड़े जब्त कर जांच के लिए डीएनए लिए।
पेड़ से लटका मिला आरोपी
बच्चे की हत्या कर सुनील ने मंगलवार को भैरवगढ़ क्षेत्र में शराब पी। तलाश में जुटी पुलिस ने आरोपी को मोबाइल फोन के लोकेशन से ट्रेस किया। पुलिस में साइबर सेल के प्रभारी विक्रम चौहान सुनील के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक कर भैरवगढ़ पहुंचे।
जिसके बाद पुलिस दोपहर में अंबोदिया क्षेत्र पहुंची, जहां जंगल में सुनील का शव फंदे पर लटका मिला। एडिशनल एसपी अमरेंद्र सिंह चौहान ने बताया डॉक्टरों ने बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य की पुष्टि की है। आरोपी सुनील मिस्त्री का काम करता था।