नए साल पर महाकालेश्वर मंदिर में पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़ ने बाबा महाकाल के दर्शनों के सारे रिकार्ड तोड़ दिए। पहले दिन ही अनुमान से ज्यादा लगभग 6.5 लाख श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। प्रशासन को नववर्ष पर दर्शन के लिए पांच लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान था, लेकिन श्रद्धालुओं का यह आंकड़ा आज शाम को लगभग 6.5 लाख पर पहुंच गया।
अनुमान से ज्यादा भीड़ से बिगड़ी व्यवस्था
नई व्यवस्था से भक्तों को 40 मिनट में दर्शन कराए जा रहे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ने कई बार व्यवस्थाएं बदलना पड़ीं। सुबह भस्म आरती के साथ महाकाल के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद सामान्य दर्शनों का सिलसिला लगातार बढ़ता गया। जिस पर नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं की कतार भी महाकाल लोक के समीप त्रिवेणी संग्रहालय से लगाई गई। यहां से श्रद्धालु प्रवेश कर गणेश मंडपम से दर्शन करते हुए महाकाल लोक में बने निर्गम द्वार से बाहर निकाले गए। इसी तरह 250 रुपये शीघ्र दर्शन की रसीद लेने वाले श्रद्धालु महाकाल थाने के पीछे से प्रवेश कर बड़ा गणेश की गली होते हुए गेट नंबर 4 से प्रवेश दिया गया।