मध्यप्रदेश के सीधी जिले में 18 साल की लड़की को चलती बस से नीचे उतार एक अपराधी ने चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार रात की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के कुशमी की रहने वाली कॉलेज छात्रा संजू सिंह शुक्रवार को दिवाली मनाने के लिए अपने घर जा रही थी। उसी वक्त आरोपी शिवेंद्र सिंह ने गोतरा गांव के पास बस में चढ़ा। वह बस में संजू के साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस पर बस में सवार लोगों ने संजू को आगे बैठा दिया और शिवेन्द्र को पीछे बैठने को कहा।
बस जैसे ही आगे बढ़ी शिवेन्द्र आगे वाले गेट से घुसने की कोशिश करने लगा। जब कंडक्टर ने उसे रोकने की कोशिश की तो शिवेन्द्र ने चाकू से हमला कर दिया। शिवेन्द्र यहीं नहीं रुका, बस में पेट्रोल की बोतल ले आया और यात्रियों को जिंदा जला देने की धमकी देने लगा।
डर से लोग बस में बैठे रहे और शिवेन्द्र ने संजू को बस से बाहर निकालकर चाकू से गोदना शुरू कर दिया। संजू की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद आरोपी भाग गया।
जिले के एसपी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड भी है। उधर संजू के परिजन धरने पर बैठ गए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।