भिंड जिले के ग्राम चिरौल के निकट शनिवार को एक डंपर व बोलेरो कार के बीच हुई भिड़ंत में ग्यारह लोगों की मौत हो गई।
सभी मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे जो ददरौआ सरकार मंदिर से दर्शन करके अपने घर लौट रहे थे।
मुरैना के चिन्नौनी गांव निवासी एक परिवार के लोग बोलेरो में सवार होकर कसबा मौ के पास स्थित दंदरौआ हनुमान मंदिर दर्शन करने गए थे।
सभी लोग जब बोलेरो से वापस अपने घर लौट रहे थे तभी अपरान्ह करीब तीन बजे चिरौल के निकट सामने से आ रहे एक डंपर ने बोलेरो में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए तथा डंपर भी दूर जाकर पलट गया।
हादसे में बोलेरो में सवार 11 लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।