मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं की कक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। परमार ने कहा कि 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए कक्षाएं 18 दिसंबर से नियमित रूप से पूरे निर्धारित समय तक संचालित होंगी।
उन्होंने कहा कि यह फैसला छात्रों के भविष्य और बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इंदर सिंह परमार ने बताया कि इसके अलावा 9वीं और 11वीं कक्षा के संचालन का फैसला छात्र-छात्राओं के नामांकन और उपलब्ध अध्यापन कक्ष के आधार पर प्राचार्य स्थानीय स्तर पर ले सकेंगे।
राज्य मंत्री परमार ने सोमवार को मंत्रालय में स्कूली शिक्षा विक्षाग की समीक्षा बैठक में भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से चार दिसंबर को की गई विभागीय समीक्षा के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों पर की गई विभागीय तैयारियों और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने 'आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश' के रोड मैप अंतर्गत विभागीय डैशबोर्ड और कार्ययोजना को समय से संचालित करने के निर्देश दिए। परमार ने निर्देश दिए कि नई शिक्षा नीति के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार किया जाए। दूरस्थ क्षेत्रों और जनजाति क्षेत्रों में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखकर योजना बनाएं।
परमार ने निर्देश दिए कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के लिए ऑनलाइन एजुकेशन पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा दें और ऑनलाइन निगरानी कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित विभागीय जांच प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए समयबद्ध कार्य योजना बनाएं।