'ड्रग वाली आंटी' का बेटा यश जैन
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर की ड्रग वाली आंटी उर्फ प्रीति जैन का बेटा यश जैन भी पुलिस के निशाने पर है। दरअसल, पुलिस के हाथ ऐसे कई सुराग लगे हैं, जिनमें यश के थाईलैंड और मलेशिया में हथियारों के सौदागरों से संपर्क होने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। साथ ही, ड्रग्स तस्करी में भी यश का कनेक्शन तलाशा जा रहा है। इस बीच भाजपा नेताओं के साथ यश की कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिस पर कांग्रेस ने हमला बोला। इसके बाद भाजपा नेताओं ने भी पलटवार किया है।
यश का आर्थिक स्रोत पता लगा रही पुलिस
जानकारी के मुताबिक, ड्रग वाली आंटी उर्फ प्रीति जैन के राज ढूंढने में जुटी पुलिस के हाथ कई अहम सबूत लगे हैं। इन सबूतों से प्रीति जैन का बेटा यश भी फंसता नजर आ रहा है। दरअसल, पुलिस को मलेशिया की एक तस्वीर मिली है, जिसमें यश बंदूक के साथ नजर आया। पुलिस का दावा है कि यश का कनेक्शन मलेशिया और थाईलैंड में हथियारों के तस्करों से है। इसके अलावा पुलिस प्रीति और यश की विदेश यात्राओं का ब्यौरा भी जुटा रही है। जांच में सामने आया है कि हाल ही में प्रीति ने यश के लिए एक लग्जरी कार भी खरीदी थी। ऐसे में पुलिस यश के आर्थिक सोर्स का पता लगाने में भी लगी है।
भाजपा नेताओं से ड्रग वाली आंटी का कनेक्शन?
बता दें कि ड्रग वाली आंटी के पुलिस गिरफ्त में आने के बाद सोशल मीडिया पर उसके बेटे के कई फोटो वायरल हुए हैं। इन तस्वीरों में यश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधायक रमेश मेंदोला और पूर्व मंत्री रंजना बघेल के साथ नजर आया। ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा का घेराव किया। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि भाजपा का ड्रग माफिया से कनेक्शन है। ड्रग वाली आंटी का बेटा यश भाजपा के सम्मेलनों में बड़े नेताओं के साथ सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में दिखाई दे रहा है। इससे समझा जा सकता है कि ड्रग के नशे का अवैध कारोबार किसके संरक्षण में पनपा?
भाजपा ने ऐसे किया पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा, 'आरोपी का फोटो किसी के साथ भी हो सकता है, क्योंकि नेता सामाजिक जीवन जीता है। उस दौरान काफी लोग उनके साथ फोटो ले लेते हैं। इन तस्वीरों का भाजपा से कनेक्शन नहीं हो सकता है।'