मध्यप्रदेश के इंदौर के सरवटे बस स्टैंड में केवल 20 सेकेंड में एमएस होटल की 80 साल पुरानी इमारत गिर गई है। जिसमें दस लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हैं। घटना में निगम प्रशासन के साथ ही होटल मालिक की लापरवाही सामने आ रही है। निगम ने होटल को जर्जर घोषित किया हुआ था। इसके बावजूद ना तो इसे गिराया गया और ना ही इसपर ध्यान दिया गया। होटल को केवल दो मंजिला बनाने की अनुमति थी इसके बावजूद चार मंजिल बना दी गई थी। चौथी मंजिल पर काम चल रहा था।
हादसे में मरने वाले 70 साल के मैनेजर हरीश कुमार सोनी की पत्नी और बेटी किरण का कहना है कि होटल में अंदर ही अंदर रिपेयरिंग का काम चल रहा था। आठ दिन पहले इसकी छत गिर गई थी। जिसकी जानकारी मैनेजर ने होटल मालिक को दी लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। बेटी का यह भी आरोप है कि उनके पिता से जबरन होटल मालिक दो शिफ्ट में काम करवाया करता था। हादसे के बाद परिवार को केवल दीवार गिरने के बारे में सूचित किया गया। हरीश पिछले तीन सालों से होटल के मैनेजर थे।
होटल के आस-पास रहने वाले लोगों का दावा है कि इमारत लगभग 80 साल पुरानी थी। जिसपर बिना पिलर का सपोर्ट दिए दो मंजिल और बना दी गई थी। जिसकी दो-तीन बार शिकायत हो चुकी थी। इस मामले में एक चौंकाने वाली बात आई है कि इस इमारत को खतरनाक घोषित करने के बाद गिराया जाना था मगर ऐसा नहीं हुआ। चौथी मंजिल पर चल रहा निर्माण कार्य कच्चा था और होटल के बेसमेंट में भी पानी भरा था। जिसकी वजह से लगातार उसकी नींव कमजोर हो रही थी।
इमारत गिरने के पांच मिनट तक पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया। वहां की लगभग सभी दुकानें और होटल बंद करके लोग मदद के लिए आगे आए। अंधेरा होने की वजह से मोबाइल की टॉर्च जलाकर घायलों को निकालने का काम किया गया। घटना के आधे घंटे बाद जब जेसीबी आई तब जाकर मलबा हटाना शुरू हुआ। एमवाय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में देर रात तक घायल आते रहे। भीड़ की वजह से पुलिस को राहत कार्य करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा और थोड़ा बलप्रयोग किया गया।
मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर के सरवटे बस स्टैंड के पास हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। बचाव कार्य सहित पूरी स्थिति पर हमारी नजर है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी सकुशल हों और घायल शीघ्र स्वस्थ हों। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए देने का ऐलान किया है।