नोएडा में जेवर अंतर्राष्ट्रीय ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी करेगी। शुक्रवार को दिल्ली में खुली जेवर एयरपोर्ट की वित्तीय निविदा में ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी ने 400.97 रुपये प्रति यात्री प्रदेश सरकार को भुगतान की दर पर टेंडर लिया।
नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीडी) मोड पर जेवर एयरपोर्ट निर्माण के लिए 30 मई 2019 को ग्लोबल टेंडर जारी किया गया था।
15 जुलाई को प्री-बीड कांफ्रेंस आयोजित की गई। तकनीकी बिड 6 नवंबर को खोली गई इसमें ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी, अदानी एंटरप्राइजेज लिमिडेट, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) और एंकरेज इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड को एयरपोर्ट निर्माण के लिए पात्र पाया गया।
29 नवंबर को दिल्ली में इन चारों कंपनियों की ओर से प्रस्तुत वित्तीय निविदा खोली गई। इसमें ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सर्वाधिक बोली 400.97 रही। वित्तीय निविदा खुलने के बाद विभाग के प्रमुख सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव शशिप्रकाश गोयल मौजूद रहे।