लखनऊ। गोमतीनगर स्थित नगर निगम जोन चार कार्यालय की बिजली बकाया बिल जमा न करने के कारण करीब 15 दिन से कटी है। ऐसे में अब जोन का काम जेनरेटर से चलाया जा रहा है। बिजली न होने के कारण जोनल कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है, जिससे गृहकर जमा करने और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने आने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जोनल अधिकारी संजय यादव ने बताया कि बकाया बिल नगर निगम के मुख्य अभियंता विद्युत यांत्रिक को जमा करना था, जो जमा नहीं हो पाया। उनका कहना कि एक-दो दिन में पैसा जमा हो जाएगा। बिल करीब एक करोड़ बताया जा रहा है। अभी जेनरेटर से काम चलाया जा रहा है। वहीं सूत्रों का कहना है कि नगर निगम का बिजली विभाग पर करीब 59 करोड़ रुपये हाउस टैक्स बकाया है। इसको लेकर कुर्की-सीलिंग की नोटिस जारी होने के बाद बिजली विभाग वालों ने कनेक्शन काट दिया।