लखनऊ। एलडीए वीसी ने अवैध निर्माणों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अब सिर्फ इंजीनियर ही नहीं बल्कि एलडीए के जोनल अफसर और विहित प्राधिकारी भी जिम्मेदार होंगे।
एलडीए वीसी अनुज सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी जोनल अधिकारी प्रवर्तन शनिवार और रविवार को अपने-अपने क्षेत्र में सहायक अभियंताओं, अवर अभियंताओं और कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। अनधिकृत निर्माणों को चिह्नित कर कार्रवाई करेंगे। पहले से चिह्नित निर्माणों पर की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा और अब मिले नए निर्माणों पर की गई या प्रस्तावित कार्रवाई की रिपोर्ट देंगे। जोनल अधिकारी की रिपोर्ट और सूची ही अंतिम मानी जाएगी।
एलडीए वीसी ने सभी विहित प्राधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि अवैध निर्माण के मामलों की सुनवाई में हो रही देरी को खत्म किया जाए। इसके लिए विहित प्राधिकारी अपने न्यायालय में लंबित अवैध निर्माण से जुड़े सभी वादों की नियमित समीक्षा करें। लंबित मामलों को चिह्नित कर जल्द निपटाया जाए।