जौनपुर। लखनऊ में सोना लूटकांड में जांच के घेरे में आया लाइन बाजार थाने का सिपाही विनय शंकर सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था। सोशल मीडिया पर उसकी पहचान ‘विक्टर विनय’ के नाम से थी। रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के मेहरौरा निवासी विनय शंकर 2019 में आरक्षी बना था। सोशल मीडिया पर उसकी पहचान इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी थी। वह अलग-अलग नामों से तीन इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता था। इनमें ‘विक्टर विनय’ और ‘क्रेजी विनय’ नाम के अकाउंट के बारे में पुलिस को पता चला है।
पुलिस के अनुसार, विनय के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लेटेस्ट आईफोन के साथ तस्वीरें और उसकी भौकाल वाली जिंदगी की झलक दिखाई देती है। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर व्हाट्सएप नंबर भी सार्वजनिक कर रखा था। अब करोड़ों रुपये की लूट के मामले में नाम सामने आने के बाद उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल भी चर्चा में है।
पुलिस ने बताया कि विनय शंकर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘वर्क स्मार्ट, नॉट हार्ड’ यानी मेहनत ज्यादा नहीं, बल्कि समझदारी से काम करने का संदेश देने वाली पोस्ट भी है। लूटकांड के मामले में उसका नाम सामने आने के बाद यह पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गई है।
तीन दिन की छुट्टी लेकर गया था आरोपी
एसपी ने बताया कि विनय शंकर तीन दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर गया था। 26 नवंबर को ड्यूटी पर आना था। यह अनुशासनहीनता है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।