कम पढ़े-लिखे लोगों को भी रोजगार
- फोटो : amar ujala
कौशल विकास मिशन के तहत व्यावसायिक प्रशिक्षण में अब 5वीं पास युवकों के लिए भी कोर्स उपलब्ध होंगे, लेकिन 8वीं पास 14 से 35 वर्ष के युवकों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्राथमिकता दी जाएगी।
जल्द ही उन्हें रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा। अगले सत्र से नए कोर्स में प्रशिक्षण के लिए 10 जनवरी से पंजीकरण शुरू होगा।
सचिव, कौशल विकास व व्यावसायिक शिक्षा भुवनेश कुमार ने बताया कि 5 वीं क्लास पास अभ्यर्थी भी कम योग्यता वाले पाठ्यक्रम के लिए पात्र होंगे। जिला व तहसील स्तर पर स्थापित कॉमन सर्विस सेंटरों के साथ ही विभाग की वेबसाइट व ई-सुविधा कें द्रों पर भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा।
प्रारंभ में सूबे के 66 जिलों में रजिस्ट्रेशन होगा। अन्य नौ जिलों में 20 जनवरी से यह सुविधा शुरू होगी। सचिव ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के बाद काउंसलिंग में योग्यता के मुताबिक कोर्स की जानकारी दी जाएगी।
फिर, 15 फरवरी से प्रशिक्षण शुरू होगा। अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग देने के लिए प्राइवेट सर्विस प्रोवाइडर अपने ट्रेनिंग सेंटर खोल सकेंगे। जल्द उनके साथ करार भी किया जाएगा। आईटीआई व पॉलीटेक्निक पर भी ट्रेनिंग की व्यवस्था रहेगी। 283 कोर्स शुरू होंगे, जिनमें एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, फैब्रीकेशन समेत 34 सेक्टर्स शामिल हैं। योग्य युवकों को कम से कम दो महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी।