लखनऊ। महानगर स्थित गीता कुंज अपार्टमेंट निवासी विकास मोहन श्रीवास्तव ने पांच युवकों पर बेटे वंश को अगवा कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। विकास मोहन श्रीवास्तव के अनुसार वंश 10 नवंबर की रात करीब नौ बजे सामान खरीदने के लिए निकला था। आरोप है कि घर से कुछ ही दूरी पर मेघा पार्क व्यू अपार्टमेंट के पास कार सवार पांच युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी उसे जनेश्वर मिश्र पार्क के पास ले गए और बेरहमी से पिटाई की। पार्क के पास ही आरोपियों ने वंश को कार से उतार दिया और असलहे की बट से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद धमकी देते हुए भाग निकले।
एसपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि कार सवार पांच युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। छानबीन में पता चला है कि आरोपी और वंश परिचित हैं। कुछ दिन पहले मड़ियांव इलाके में उनके बीच विवाद भी हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।