लखनऊ। गोमतीनगर के बड़ी जुगौली निवासी 18 वर्षीय फर्नीचर पॉलिश कारीगर बंसल बाबू राजपूत का शव शनिवार देर रात घर से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन पर मिला। उनकी मां ने मोहल्ले के तीन युवकों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि, पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मान रही है।
बंसल बाबू के बड़े भाई नीरज ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे उनका भाई काम से घर लौटा था। रात करीब नौ बजे वह किसी को बताए बिना घर से निकल गया। देर होने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल की पर संपर्क नहीं हो सका। रात करीब 12:30 बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर बड़ी जुगौली क्रॉसिंग के पास कुछ लोगों ने बंसल का शव देखा। सूचना मिलने पर परिजन और गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
नीरज ने बताया कि इलाके के वीरेंद्र यादव, गोपी यादव और विनय यादव से उनके परिवार का आठ महीने पहले विवाद हुआ था। इसके बाद से वे लोग रंजिश रखते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। नीरज का आरोप है कि 20 मई को भी आरोपियों ने छोटे भाई विनीत को धमकी दी थी। बंसल की मां मुन्नी देवी का कहना है कि उन्होंने इस मामले में थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।
ट्रेन चालक ने आत्महत्या की दी थी सूचना
इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मुन्नी देवी की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में सामने आया है कि ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी थी। चालक ने बताया था कि युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।