मोहनलालगंज। मनोहरापुर गांव में बुधवार सुबह युवक का शव हाईटेंशन लाइन के टावर से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अंकुश रावत के रूप में हुई है।
वह मनोहरापुर गांव में अपने माता-पिता मिथिलेश और लालता व भाई के साथ रहता था। अंकुश मजदूरी करता था। पुलिस को शव के पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। घरवालों ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, अंकुश ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।