नगराम। अनैया गांव निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र कुमार का शव शुक्रवार दोपहर विशुनखेड़ा गांव के पास नाले में उतराता मिला। उनकी बाइक नाले के किनारे सड़क पर खड़ी मिली। वह दोपहर दो बजे बाइक लेकर घर से निकले थे।
नगराम के थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जितेंद्र के पिता किसान छेदालाल रैदास के अनुसार बेटा दोपहर दो बजे घर से निकला था। शाम करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच ग्रामीणों ने नाले में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को नाले के पास सड़क किनारे उनकी मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पिता ने बताया कि जितेंद्र की शादी गोसाईंगंज के चमरही काजीखेड़ा गांव में हुई थी। आपसी विवाद के चलते उसकी पत्नी काफी समय से मायके में रह रही थी। दोनों के बीच चल रहे विवाद का मामला पारिवारिक न्यायालय में भी लंबित है। एसओ का कहना है कि जितेंद्र की मौत हत्या, हादसा या आत्महत्या है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।