गोसाईंगंज। कैंट के कटेहरी बाग स्थित विद्यानगर काॅलोनी निवासी लुलु मॉल में सफाई कर्मचारी अरुण कुमार (48) की सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। उनका शव मंगलवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में कार्तिक गेस्ट हाउस के कमरे में पड़ा मिला।
परिजनों ने अरुण के मित्र और दंपती पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
अरुण के बेटे ध्रुव ने बताया कि सोमवार को पिता को पड़ोस में रहने वाले उनके दोस्त विकास अपने साथ ले गए थे। रातभर वह घर नहीं लौटे। मंगलवार सुबह मोबाइल फोन की लोकेशन की मदद से परिजन सुशांत गोल्फ मलाक रोड स्थित कार्तिक गेस्ट हाउस पहुंचेे। बाहर अरुण की बाइक खड़ी थी। परिजन जब गेस्ट हाउस की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंचे तो अरुण अचेत हालत में पड़े मिले। पास में ही एक युवक भी सो रहा था। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। वे लोग अरुण को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरुण के परिवार में पत्नी शिल्पा, बेेटा ध्रुव व आर्यन हैं।
परिजनों ने विजयनगर चौराहे पर किया प्रदर्शन
छानबीन के दौरान परिजनों का पता चला कि जिस कमरे में अरुण का शव मिला था, वह कमरा उनके सुपरवाइजर अमन का है। अमन पत्नी विमला के साथ रहता है। लोगों ने बताया कि सोमवार रात सभी ने शराब पार्टी की थी। परिजनों ने विकास, अमन व उसकी पत्नी विमला पर हत्या का आरोप लगाते हुए अरुण के शव को विजयनगर चौराहे पर रखकर प्रदर्शन किया।
मुंह दबाकर हत्या की पुष्टि
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाने से अरुण की मौत की पुष्टि हुई है। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एक्सपर्ट की राय ली जा रही है। परिजनों ने जिन तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, उन्हें हिरासत लेकर पूछताछ की जा रही है।
अरुण कुमार की फाइल फोटो, रोते-बिलखते परिजन व घटना की सूचना मिलने पर जुटे ग्रामीण।
अरुण कुमार की फाइल फोटो, रोते-बिलखते परिजन व घटना की सूचना मिलने पर जुटे ग्रामीण।