लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में रविवार रात सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी चोटिल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक बलिया जिले के मलक गांव निवासी ईशु सिंह (22) अंसल एपीआई में किराये के मकान में रहते थे। वह ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी में काम करते थे। रविवार को उन्होंने अपना कमरा खाली कर पास के अर्जुनगंज में नया कमरा किराये पर लिया था। रात करीब 10 बजे वह दोस्त अतुल के साथ बाइक से सामान शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान वह मोबाइल चार्जर लेने के लिए पुराने कमरे की ओर जा रहे थे। शहीद पथ से मुड़ते समय कंफर्ट होटल के पास अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों छिटककर सड़क पर जा गिरे। पुलिस ने दोनों को पीजीआई स्थित ट्राॅमा टू में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान ईशु की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद अतुल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। ईशु के पिता रिपुंजय सिंह प्राइवेट शिक्षक हैं। परिवार में मां पूनम और भाई क्रश है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इंस्पेक्टर के अनुसार, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ईशू के फुफेरे भाई प्रखर ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।