लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में सड़क पार कर रहे निजी बस चालक की हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
रहीमाबाद के खड़ऊवा गांव निवासी किशनपाल (51) एसजीपीजीआई के पास निजी बस चलाते थे और वहीं रहते थे। उनके भाई कमलेश ने बताया कि त्योहार के चलते किशनपाल घर गए थे और पत्नी गीता को घरेलू खर्च के लिए रुपये देकर रविवार देर शाम काम पर लौट आए थे। रविवार रात करीब 10 बजे एसजीपीजीआई से कुछ दूरी पर बस से उतरकर सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें पीजीआई ट्राॅमा-2 ले गई, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। किशनपाल अपने पीछे पत्नी गीता और तीन बेटियां रीना (17), जाह्नवी (14), माही (9) को छोड़ गए हैं। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।