गोसाईंगंज। अमेठी में आम मंडी के पास सुल्तानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार अनुराग अवस्थी (26) की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उनका दोस्त आकाश घायल हो गया।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक, टेढ़ी पुलिया निवासी अनुराग निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह बाराबंकी के रामसनेहीघाट स्थित भेदुआ ब्राह्मणान निवासी दोस्त आकाश शर्मा (25) के साथ बाइक से हैदरगढ़ जा रहे थे। बाइक हेलमेट पहने हुए अनुराग चला रहे थे। अमेठी कस्बे में आम मंडी के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अनुराग सड़क पर गिरे और कंटेनर उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे में अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक कंटेनर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायल आकाश को अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। कंटेनर के नंबर से मालिक व चालक का पता लगाया जा रहा है।