फोन अचानक कट गया और बंद हो गया
भारतीय समय के अनुसार, करीब 8 बजकर 20 मिनट पर उन्होंने पत्नी से बात शुरू की। 9.53 पर उनका फोन अचानक कट गया और बंद हो गया। पत्नी रितु के अनुसार, पीछे से तेज आवाज भी आई। इसके बाद परिजनों ने कई बार फोन किया। लेकिन, मोबाइल बंद आता रहा।
अगले दिन 19 मार्च को बड़े भाई मनमोहन को रवि के दोस्त ने सूचना दी कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की मौत हो गई है। इसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सूचना एकत्रित कर ली है।
परिवार में अकेला कमाने वाला था रवि
बताया गया कि रवि गोपाल घर का इकलौता कमाने वाला लड़का था। उसने परिवार की गरीबी दूर करने के लिए सऊदी जाने का फैसला किया। 18 सितंबर 2025 को सऊदी गया था। पिता रवनीत काफी बुजुर्ग हैं। घर में पत्नी रितु, मां बैजंती के साथ चार वर्षीय बेटा आश्रित है। बड़े भाई मनमोहन लखनऊ में प्राइवेट काम करके अपना घर चलाते हैं।
दूसरी बार सऊदी गया था रवि गोपाल
बताया गया कि रवि गोपाल का विवाह 23 सितंबर 2020 को मिश्रपुर की रितु से हुआ था। शादी के बाद वह काम करने सऊदी चला गया। वर्ष 2025 में बहन की शादी के चलते वह घर आया था। 18 सितंबर 2025 को फिर काम करने सऊदी चला गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रवि की मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परिजनों को कोई सहायता नहीं मिल रही है। परिजन शव वापस लाने के लिए भटक रहे हैं। डायल 112 पर सूचना के बाद भी प्रशासनिक जिम्मेदार मौके पर नहीं गए।