लखनऊ। मदेयगंज के रूपपुर खदरा में रविवार को संदिग्ध हालात में सचिंद्र श्रीवास्तव (44) की मौत हो गई। उनकी छोटी बहन दीप्ति ने भाई की हत्या की आशंका जाहिर करते हुए छोटे भाई और एक युवती से पूछताछ की मांग की है।
दीप्ति ने बताया कि बड़े भाई सचिंद्र बेंगलूरू में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वर्ष 2020 में पिता रमाकांत की मौत के बाद वह नौकरी छोड़कर बीमार मां शन्नो की देखभाल के लिए नौकरी छोड़कर घर आ गए थे। चार माह पहले मां की भी मौत हो गई थी। इसके बाद से सचिंद्र छोटे भाई और एक युवती के साथ रहते थे। बहन ने बताया कि रविवार रात उन्हें जानकारी हुई कि सचिंद्र की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घरवाले जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें सचिंद्र के सिर और आंख पर चोट के निशान मिले। दीप्ति ने छोटे भाई और युवती से पूछताछ की मांग की है। थाना प्रभारी मदेयगंज अनुज तिवारी ने बताया मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है। जांच में प्रॉपर्टी विवाद का पता चला है। सचिंद्र की तबीयत खराब रहती है, जिस कारण उनकी मौत हो गई।