रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में डिलानी चौराहा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर मुराई बाग निवासी मयंक यादव (24) पुत्र संतोष यादव शुक्रवार सुबह बाइक से किसी काम से शहर आया था। शाम को वह घर लौट रहा था। डलमऊ-टिकरा मार्ग पर डिलानी चौराहा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने पीछा करना शुरू कर दिया। तभी वह सड़क किनारे ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। भदोखर थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। हादसे के समय युवक हेलमेट नहीं पहना था।