चिनहट। बीबीडी इलाके में शनिवार दोपहर बाइक सवार युवक तेज रफ्तार वाहन से टकरा गया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हजरतपुर जहांगीराबाद बाराबंकी निवासी चंद्र शेखर ने बताया कि उनके भाई दीपक कुमार शनिवार दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच घर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। बीबीडी इलाके के अनौरा पुल, फैजाबाद रोड के पास तेज रफ्तार डाला उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद डाला चालक मौके से भाग निकला। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।