राजेसुल्तानपुर। राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के चांडीपुर खुर्द घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आया एक युवक लापता हो गया। युवक के कपड़े और मोबाइल नदी किनारे मिलने के बाद उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी है।
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र स्थित पलया करौंदी गांव निवासी दयानंद राजभर की पत्नी का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के चांडीपुर खुर्द घाट पर किया जा रहा था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आजमगढ़ जिले के ही सरदहा क्षेत्र के शिवपुर देवारा गांव निवासी सुरेश राजभर पुत्र स्वर्गीय रामनाथ (39) भी पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के बाद सुरेश अन्य लोगों के साथ सरयू नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के बाद जब लोग वापस लौटने लगे तो सुरेश वहां नहीं मिले। खोजबीन करने पर उनके कपड़े और मोबाइल नदी किनारे पड़े मिले। इसके बाद आशंका जताई गई कि स्नान के दौरान वह नदी में डूब गए। घटना की सूचना डायल 112 और थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में युवक की तलाश करा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अक्षय पटेल ने बताया कि खोजी अभियान चलाया जा रहा है। (संवाद)