गोमतीनगर के पिकप भवन स्थित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर प्रदर्शन कर रहे युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। युवक समेत कई अन्य लोग वर्ष 2016 में ऑडीटर पद के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तभी किसी कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान देने की बात कह दी। इससे आहत होकर युवक फंदे से गला कस लिया। आनन-फानन युवक को फंदे से उतारकर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जान बचाई।
पुलिस ने बताया कि यूपीएसएसएस में ऑडीटर के पदों पर वर्ष 2016 में भर्ती निकाली गई थी। आवेदकों का दो बार साक्षात्कार हो चुका है, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं किया जा सका है। इससे नाराज आवेदक अक्सर आयोग के कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करते रहते हैं। बृहस्पतिवार को भी कुछ युवक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान एक युवक ने वहां मौजूद कर्मचारियों से परिणाम के बारे में पूछा। दोनों के बीच बहस हुई और कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान देने की बात कह दी। इससे आहत युवक कार्यालय से बाहर निकला और परिसर में ही फंदा बनाकर लटक गया। उसे बचाकर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। उधर, कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि युवक और उसके साथी पूर्व नियोजित साजिश के तहत गले में फंदा डालकर सनसनी फैलाने के उद्देश्य से आए थे। युवक ने गले से फंदा लपेटा तब उसके साथी जान बचाने के बजाए मोबाइल फोन कैमरे से वीडियो बना रहे थे। प्रभारी निरीक्षक राजीव द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।