लखनऊ। पॉलीटेक्निक चौराहे पर मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक के एंगल में फंसकर 25 वर्षीय तनु करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। पिता राजीव कुमार सिंह ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से प्रयागराज निवासी राजीव कुमार ने बताया कि पत्नी सुमित्रा की वर्ष 2004 में मौत हो गई थी। बेटा सौरभ फाफामऊ स्थित ननिहाल में पत्नी के साथ रहता है। वह तीन माह से बेटी के साथ किराये के मकान में कुर्सी रोड बाराबंकी में रह रहे थे। तनु एमए कर चुकी थी और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मंगलवार रात वह सहेली की जन्मदिन पार्टी से लौट रही थी। रात करीब तीन बजे पॉलीटेक्निक चौराहे के पास उसे किसी का फोन आया। वह स्कूटी से उतरकर सड़क किनारे खड़ी होकर बात कर रही थी। तभी बेकाबू ट्रक उससे टकरा गया और वह ट्रक के एंगल में फंस गई और घिसटती चली गई। पुलिस ने तनु को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले बेटी के मोबाइल से उन्हें सूचना दी।
पोस्टमार्टम हाउस पर बाप-बेटे में मारपीट
बुधवार सुबह राजीव कुमार सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो उनकी अपने बेटे सौरभ से मारपीट हो गई। राजीव ने बताया कि वर्ष 2022 में वह धोखाधड़ी के मामले में जेल गए थे। उस समय सौरभ उनसे मिलने नहीं आया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। तभी से बेटा उनसे नाराज चल रहा है।