लखनऊ में चौक के फूलमंडी में कंचन मार्केट के पास शुक्रवार रात जरदोजी कारीगर शाहिद मिर्जा (28) की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को छिपाने के लिए पास में ही बहते नाले में फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक के पिता को शराब पिलाने से विवाद शुरू हुआ।
वहीं रात को वारदात के पहले आरोपियों ने युवक को शराब पिलाई फिर ईंट-पत्थर से सिर कूंचा और गला रेतकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक चौक प्रशांत मिश्रा के मुताबिक, इमामबाड़ा आकड़-बाकड़ के पास रहने वाले शाहिद मिर्जा जरदोजी का काम करता था। उसके भाई आसिम मिर्जा के मुताबिक, पिता अकबर मिर्जा को पहले शराब पीने की लत थी, लेकिन पिछले पांच-छह साल से शराब नहीं पी रहे थे। शुक्रवार दोपहर मोहल्ले के रहने वाले बकरीदी, उसके साथी चंदू और दो अन्य लोग पिता को बहाने से बुलाकर साथ ले गए।
इसके बाद उनको शराब पिला दी। पिता को शराब पिलाते हुए शाहिद ने देख लिया। उसने वीडियो बनाकर भेजा। वीडियो देखकर भाई के साथ मौके पर पहुंचे तो विरोध किया और पिता को लेकर घर आ गए। जब पिता को लेकर वापस आ रहे थे तभी आरोपियों से कहासुनी भी हुई थी।