लखनऊ। वेलेंटाइन डे की रात प्रेमिका से विवाद के बाद चिनहट के अजय नगर निवासी रोहित (28) ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
रोहित के भाई राहुल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे रोहित को आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो रोहित पंखे से साड़ी के सहारे लटके मिले। रोहित का एक किशोरी से प्रेम प्रसंग था। उससे शादी भी की थी। पर किशोरी के परिजनों ने दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया था। चार साल पहले वह जेल भी गए थे। कुछ दिन पहले ही छूटे थे। शुक्रवार रात रोहित का उसी किशोरी से कॉल पर झगड़ा हुआ था। आवाजें बाहर तक आ रही थीं।
काट ली थी हाथ की नस
बृहस्पतिवार को रोहित ने हाथ की नस काट ली थी। परिवार में पिता रामू कश्यप पशुपालन विभाग से रिटायर्ड हैं और मां हैं। थाना प्रभारी भरत पाठक के मुताबिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। दुष्कर्म के मामले में जेल जाने और नस काटने की जानकारी नहीं है।