रायबरेली। प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर किशोरी ने सोमवार देर शाम को फिनायल पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। बताते हैं कि शहर के गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी का हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक से करीब 10 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। दोनों की शादी करने की बात चल रही थी। बीते सोमवार को दोनों कोर्ट मैरिज करने वाले थे, लेकिन किसी कारण से ऐसा नहीं सका।
बताते हैं कि प्रेमी शाम करीब सात बजे किशोरी के घर पहुंचा और शादी करने से इन्कार कर दिया। इससे नाराज होकर किशोरी ने घर पर रखा फिनायल पी लिया। कुछ देर बाद किशोरी की हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों का कहना है कि किशोरी की हालत खतरे से बाहर है। उधर, सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़िता की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलेगी तो मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद