युवक ने पैसे मांगने पर लिवइन पार्टनर को पीटा
लखनऊ। पैसे मांगने पर चिनहट निवासी आदर्श यादव ने लिवइन पार्टनर की पिटाई कर दी। पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आदर्श ने बहाने से उन्हें कार में बिठाया था। इसके बाद पिटाई करते हुए प्लासियो मॉल के पास ले गया। बाद में विराट चौराहे के पास कार से फेंककर चला गया।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार देर रात में पीड़िता ने शिकायत की थी। युवती गोरखपुर की रहने वाली है। उसके मुताबिक वह आदर्श के साथ जुलाई 2024 से चिनहट में किराये के मकान में रहती है। आदर्श बीच में इधर-उधर रहने चला जाता था। खर्च के लिए युवती ने आदर्श से कुछ रुपये मांगे थे। आदर्श ने कहा था कि देर रात में वह घर आएगा।
सोमवार रात करीब 10 बजे आदर्श ने युवती को मेगा मार्ट विनीतखंड बुलाया। युवती के पहुंचने पर आरोपी ने उसे कार में बिठा लिया। इसके बाद मॉल तक पीड़िता की जमकर पिटाई की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। रुपये देने से मना कर दिया और सड़क किनारे फेंककर चला गया। पीड़िता ने बताया कि आदर्श निजी कंपनी का कर्मचारी है। उधर, पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं।