लखनऊ। गोसाईंगंज इलाके में मंगलवार तड़के तेज रफ्तार बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में शुभम चौरसिया (30) की मौत हो गई। वहीं, उनका भतीजा अंकुल घायल हो गया।
शुभम बाराबंकी के लोनीकटरा के अखैयापुर निवासी थे। वह हजरतगंज स्थित डालीबाग में किराये के मकान में भतीजे अंकुल के साथ रहते थे और सब्जी का ठेला लगाते थे। उनके चचेरे भाई शिवपूजन ने बताया कि दोनों सोमवार को तेरहवीं में शामिल होने गांव आए थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे दोनों सब्जी खरीदने कैसरबाग जा रहे थे।
बाइक हेलमेट पहनकर अंकुल चला रहा था। गोसाईंगंज स्थित गुमटी नंबर-5 के पास अचानक सांड़ सामने आ गया और बाइक उससे टकरा गई। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित किया। अंकुल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शुभम के परिवार में पत्नी सुषमा, एक बेटा और दो बेटियां हैं।