किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की ओपीडी में जल्द नंबर लगवाने के नाम पर वसूली हो रही है। मंगलवार को इसके लिए 400 रुपये की मांग करते संविदा कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ। केजीएमयू प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
केजीएमयू की ओपीडी में रोजाना करीब छह से सात हजार मरीज आते हैं। न्यूरोलॉजी समेत कई ओपीडी में बारीक जांच करने पर काफी समय लगता है। कई बार मरीजों को चार-चार घंटे तक इंतजार करना पड़ जाता है। इसका फायदा उठाने के लिए दलाल सक्रिय हो जाते हैं। कर्मचारियों से मिलीभगत कर कुछ मरीजों को पहले दिखवा लेते हैं। इसके एवज में वसूली करते हैं। वहीं, भीड़ से बचने के लिए मरीज व तीमारदार भी दो-चार सौ रुपये देने में संकोच नहीं करते हैं। इससे दलालो के हौसले बढ़ जाते हैं।