मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के चुनाव नतीजों का असर आने वाले समय में कर्नाटक, केरल, बंगाल और ओडिशा के विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा। चुनाव परिणाम कांग्रेस और लेफ्ट मुक्त भारत के अभियान का हिस्सा है।
अब कच्छ से कोहिमा और कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक भारत-श्रेष्ठ भारत और न्यू इंडिया की प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना साकार होती दिख रही है।
योगी ने त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में भाजपा और गठबंधन की सफलता का श्रेय पीएम मोदी के नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रणनीतिक कौशल और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। कहा कि त्रिपुरा में वामपंथ का किला ध्वस्त कर दिया है। यह पूर्वोत्तर में प्रधानमंत्री के विकास एवं सुशासन के एजेंडे की शुरुआत है।
पीएम ने 2014 में हर मंत्री के लिए माह में एक बार पूर्वोत्तर जाना अनिवार्य किया था। प्रधानमंत्री ने उपेक्षित पूर्वोत्तर में विकास की भावना पैदा कर सभी को जाति, मजहब और संप्रदाय से ऊपर जाकर योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
रविशंकर से शिष्टाचार भेंट
सीएम ने कहा कि श्रीश्री रविशंकर से उनके पुराने संबंध हैं। जब वे उत्तरी भारत में आते हैं तो उनसे मुलाकात होती है। इस बातचीत में कोई राजनीतिक एंगल नहीं है। यह सामान्य शिष्टाचार भेंट थी।