UP Cabinet Expansion: योगी कैबिनेट में सपा से भाजपा में आए मनोज पांडे को मंत्री बनाया गया है। इनके जरिये भाजपा ने ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने की कोशिश की है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी की योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर रविवार को विराम लग गया। आज विस्तार में छह विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच यह विस्तार राजनीतिक संदेश देने वाला है।
विज्ञापन
माना जा रहा है कि 2027 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले इस मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरण साधने के लिहाज से नाम तय किए गए हैं। भाजपा से ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने के उद्देश्य से ब्राह्मण चेहरे मनोज पांडे पर भाजपा ने दांव चला है।
ब्राह्मण चेहरे के रूप में सक्रिय रहे हैं मनोज पांडे
ज्ञात हो कि मनोज पांडे रायबरेली जिले की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं। वह सपा में बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में सक्रिय रहे हैं। अखिलेश यादव सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सपा से दूरी बनाई। भाजपा को खुलकर समर्थन दिया। इसके बाद से ही उनके मंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई थी।
गांधी परिवार के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी उनका असर
मनोज पांडे को कैबिनेट में शामिल करना भाजपा की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पार्टी ब्राह्मण मतदाताओं के बीच अपना संदेश मजबूत करना चाहती है। रायबरेली और अमेठी जैसे परंपरागत गांधी परिवार के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी उनका असर माना जाता है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, भाजपा मनोज पांडे के जरिये सपा के पारंपरिक ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश में है।