मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात मार्च को सरकार के एक वर्ष के लक्ष्य, प्रगति और उल्लेखनीय कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से सभी अधिकारियों को ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा मुख्य सचिव ने भी अफसरों को पूर्व के वर्षों से तुलना कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। साथ ही हिदायत दी है कि आंकड़े त्रुटिहीन हों। अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व सचिव अपने विभागों की सूचनाएं खुद फाइनल करें। इन उपलब्धियों पर सरकार एक बुकलेट जारी करने की तैयारी में है।
फ्यूचर एक्शन प्लान 10 तक तलब
सभी अधिकारियों को अपने विभाग का फ्यूचर एक्शन प्लान भी तैयार करना होगा। मुख्य सचिव राजीव कुमार ने कहा है कि वित्त वर्ष 2018-19 का बजट पेश हो चुका है। ऐसे में अफसर योजनाओं, कार्यक्रमों व परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर अपना ‘फ्यूचर एक्शन प्लान’ 10 मार्च तक उपलब्ध कराएं।