यूपी कैबिनेट ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में बड़ा फैसला करते हुए चीनी मिलों को 4000 करोड़ रुपये का सॉफ्ट लोन देने का फैसला किया। ये लोन उन्हीं मिलों को दिया जाएगा जिन्होंने किसानों के बकाए का कम से कम 30 फीसदी भुगतान किया होगा। मुख्यमंत्री योगी ने बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इससे प्रदेश के करीब 40 लाख किसानों को फायदा होगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इस बार देश में सबसे ज्यादा चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हुआ है। हम खुद चीनी मिलें चला रहे हैं जबकि पिछली सरकारें मिलें बेच दिया करती थी। चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों के भुगतान पर जानकारी देते हुए कहा कि अब तक 63 चीनी मिलों ने गन्ना किसानों को 73 फीसदी भुगतान किया जबकि 42 चीनी मिलों ने 50 फीसदी से ज्यादा किसानों के बकाए का भुगतान किया। 30 नवंबर तक बाकी चीनी मिलें बकाये का भुगतान करेंगी।
कैबिनेट बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्घाजलि दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उपाध्याय जी की 102वीं जयंती है। वह कहते थे कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। ये तभी हो सकता है जब किसानों को लाभ मिले। इस दिशा में सरकार प्रयत्नशील है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने गरीबों के हक पर पड़ने वाले डाके को रोका। जन धन योजना के तहत खुले बैंक अकाउंट से अब पैसा सीधे गरीबों व किसानों के खाते में जा रहा है। उन्हें उनका हक मिल रहा है।